नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में देर रात क्लब से पार्टी कर बाहर निकले युवकों पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात आनंद विहार इलाके के कड़कड़डूमा कम्युनिटी सेंटर स्थित एक क्लब के बाहर शुक्रवार तड़के हुई। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में दो युवक घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घायल युवकों की पहचान गाजियाबाद निवासी अफसर उर्फ बादशाह (23) और ओल्ड सीलमपुर निवासी मोहम्मद इरशाद (24) के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अफसर को गोली लगने के बाद सर्जरी भी करानी पड़ी।
क्लब से निकलते ही शुरू हो गई फायरिंग
पुलिस को शुक्रवार तड़के करीब 3:42 बजे हेडगेवार अस्पताल से दो घायल युवकों के पहुंचने की सूचना मिली। पूछताछ में इरशाद ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 1:30 बजे अपने दोस्तों के साथ क्लब से बाहर निकला था। इसी दौरान स्कूटर पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने 14 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान 11 खाली कारतूस बरामद किए हैं।
दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग करता दिखा शूटर
वारदात का एक अहम सुराग CCTV फुटेज से मिला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में स्कूटर के पीछे बैठा एक बदमाश दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग करता नजर आ रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि वारदात के समय अफसर, इरशाद समेत शिब्बू, अमन और विनय क्लब से पार्टी करके बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।
पुराने विवाद और लड़की से जुड़े मामले की भी जांच
जांच के दौरान पुलिस को घायल अफसर के खिलाफ दर्ज कुछ पुराने मुकदमों की जानकारी भी मिली है। इसके अलावा एक लड़की से जुड़े विवाद का एंगल भी सामने आया है। पुलिस अब इसी समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर हमले की वजह तलाश रही है।
अफसर पहले गाजियाबाद के क्लबों में पार्टी ऑर्गनाइजर के तौर पर काम करता था और पिछले कुछ समय से दिल्ली के क्लबों से जुड़ा हुआ था। पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमला किसी पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या किसी अन्य वजह से किया गया था। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।




