अहमदाबाद। IPL 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है, जिसका सीधा असर अहमदाबाद के होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री पर दिखाई दे रहा है। फाइनल देखने आने वाले दर्शकों की भारी भीड़ के कारण फ्लाइट टिकटों के किराए में 17 हजार से 35 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि शहर के कई प्रीमियम होटलों का एक रात का किराया 36 हजार रुपए तक पहुंच गया है। एसजी हाईवे, मोटेरा, चांदखेड़ा और गांधीनगर क्षेत्र के अधिकांश होटल 30 और 31 मई के लिए लगभग फुल हो चुके हैं। होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अनुसार इस आयोजन से होटल उद्योग को दो दिनों में 150 से 200 करोड़ रुपए तक का अतिरिक्त कारोबार मिलने की संभावना है। फाइनल मैच के चलते ट्रेन और बस टिकटों की मांग भी बढ़ी है तथा पर्यटन, परिवहन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बड़ा आर्थिक लाभ मिलने का अनुमान है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन अहमदाबाद की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ हजारों लोगों के लिए अस्थायी रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।
IPL फाइनल का असर: अहमदाबाद में फ्लाइट किराया 35 हजार तक बढ़ा, होटल रूम 36 हजार रुपए तक पहुंचे




