साहिबाबाद: शालीमार गार्डन में नीशू आजाद के घर कथित पथराव का मामला एक बार फिर चर्चा में है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नीशू आजाद पुलिसकर्मियों से फोन पर बातचीत करती नजर आ रही हैं। वीडियो में पुलिस की ओर से कथित तौर पर पथराव करने वाले दो युवकों को पकड़े जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि नीशू आजाद कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के बाद चर्चा में आई थीं। उनके घर पर पथराव किए जाने के दावे के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। हालांकि, आसपास के कुछ लोगों ने पथराव की घटना के आरोपों को खारिज किया है।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी से बातचीत के दौरान दो युवकों को पकड़े जाने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में दोनों के नशे में होने और उन्हें चौकी प्रभारी के सुपुर्द किए जाने की बात भी सामने आती है।
दूसरी तरफ, पुलिस की जांच में अब तक घर पर पथराव किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, घर और आसपास के इलाके में लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन किसी कैमरे में कोई व्यक्ति पथराव करता हुआ नजर नहीं आया।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो में नीशू आजाद से बातचीत करने वाला पुलिसकर्मी कौन है। साथ ही, जिन दो युवकों को पकड़े जाने की बात कही जा रही है, उनकी पहचान और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।




