फरीदाबाद। दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए दो युवकों के लिए बीयर की एक पेटी को लेकर हुआ विवाद भारी पड़ गया। आरोप है कि पार्टी खत्म होने के बाद जब दोनों ने बीयर की पेटी लाने से इनकार किया तो छह युवकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान नुकीली वस्तु से भी वार किए गए और उनकी कार में तोड़फोड़ की गई।
घटना भूपानी थाना क्षेत्र के मक्कड़ फार्म की है। हमले में साहिल और उसका दोस्त प्रभात घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत और दोनों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर छह युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्त के जन्मदिन पर मक्कड़ फार्म पहुंचा था साहिल
पलवल के ककराली गांव निवासी साहिल ने पुलिस को बताया कि 20 अक्तूबर को उसके दोस्त चांद मोहम्मद का जन्मदिन था। चांद ने भूपानी गांव स्थित मक्कड़ फार्म में पार्टी रखी थी और साहिल को भी बुलाया था।
साहिल अपने दोस्त प्रभात के साथ कार से बल्लभगढ़ के सेक्टर-दो से पार्टी में पहुंचा। शिकायत के मुताबिक वहां मौजूद दोस्तों ने साथ बैठकर खाना-पीना किया और देर रात तक पार्टी चली।
रात करीब 11 बजे साहिल और प्रभात ने घर लौटने का फैसला किया। आरोप है कि इसी दौरान चांद और उसके साथी लकी ने साहिल से बीयर की एक पेटी लेकर आने को कहा।
‘देर हो गई है’ कहकर किया मना, कार तक पहुंचे तो हुआ हमला
साहिल ने पुलिस को बताया कि रात काफी हो चुकी थी, इसलिए उसने बीयर लाने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह प्रभात के साथ अपनी कार की तरफ चला गया।
आरोप है कि दोनों जैसे ही कार के पास पहुंचे, विवाद बढ़ गया। शिकायत के मुताबिक चांद, शिवम, लकी, साहिल, गोलू और गर्व ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने नुकीली वस्तु से भी वार किए। मारपीट के दौरान कार को भी निशाना बनाया गया और उसमें तोड़फोड़ की गई।
मेडिकल रिपोर्ट में धारदार वस्तु से चोट का जिक्र
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक 21 अक्तूबर को साहिल की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने अस्पताल से साहिल और प्रभात की मेडिकल रिपोर्ट हासिल की।
साहिल की मेडिकल रिपोर्ट में छाती से पेट तक के हिस्से के अलावा दाईं कोहनी और बाएं हाथ पर धारदार वस्तु से चोट लगने का उल्लेख है। प्रभात की मेडिकल रिपोर्ट में भी चोटें दर्ज की गई हैं।
मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर भूपानी थाना पुलिस ने 22 अक्तूबर को छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस अब पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ और घटनाक्रम की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद कैसे शुरू हुआ और हमले में किस आरोपी की क्या भूमिका थी।




