नोएडा। घर बैठे शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक महिला समेत दो लोगों से करीब 54 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर फर्जी निवेश ऐप डाउनलोड कराई और शुरुआती निवेश पर मुनाफा दिखाकर दोनों का भरोसा जीत लिया। सेक्टर-58 निवासी राजेश कुमार से टीसीएस कैपिटल ग्रुप में निवेश के नाम पर करीब 33 लाख रुपये और ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी गृहणी दीप्ति से शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर लगभग 21 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब दोनों ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने संपर्क तोड़ दिया, जिसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घर बैठे कमाई का झांसा, साइबर ठगों ने दो लोगों से 54 लाख रुपये ऐंठे




