दिल्ली। कैलाश हिल्स इलाके में बुधवार सुबह आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई, जहां आरोपी ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर जान ले ली। घटना के समय युवती घर में अकेली थी क्योंकि उसके माता-पिता जिम गए हुए थे। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है, जिसे करीब छह सप्ताह पहले पैसों के विवाद के चलते नौकरी से निकाला गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी घर की दिनचर्या और डुप्लीकेट चाबी छिपाने की जगह से परिचित था और उसी चाबी का इस्तेमाल कर सुबह करीब साढ़े छह बजे घर में दाखिल हुआ, जहां वह लगभग 40 मिनट तक रहा और वारदात को अंजाम देकर करीब दो लाख रुपये नकद और गहने लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और कर्ज में डूबा हुआ था। सीसीटीवी फुटेज में वह वारदात के बाद कपड़े बदलकर बाहर निकलता दिखा। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने घटना से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है, जबकि पीड़िता को एक प्रतिभाशाली छात्रा बताया जा रहा है, जो आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थी।
दिल्ली में सनसनीखेज वारदात: घर में घुसकर युवती की हत्या, आरोपी घरेलू सहायक गिरफ्तार




