चार्टर्ड प्लेन उड़ाने वाला पायलट ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, कार से मिली 814 ग्राम MDMA

Must read

गुरुग्राम। पुलिस ने एक निजी फर्म में चार्टर्ड विमान उड़ाने वाले पायलट को 814 ग्राम एमडीएमए (MDMA) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी लग्जरी कार में नोएडा से ड्रग्स छिपाकर गुरुग्राम लाया था। उसके पास एयर पायलट लाइसेंस है और वह पहले एक निजी एयरलाइन में पायलट के रूप में भी काम कर चुका है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी की पहचान केरल निवासी 32 वर्षीय अरशद अली उर्फ अज्जू के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गुरुग्राम के दौलताबाद स्थित लैंडमार्क सोसायटी में रह रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सेक्टर-103 के पास नाकाबंदी कर उसकी लग्जरी कार की तलाशी ली गई, जिसमें 814 ग्राम कमर्शियल मात्रा में एमडीएमए बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि वह नौकरी की आड़ में लंबे समय से ड्रग्स तस्करी से जुड़ा हुआ था।

पूछताछ में अरशद ने बताया कि शुरुआत में वह खुद नशे का सेवन करता था। धीरे-धीरे लत बढ़ने और पैसों की जरूरत के चलते वह ड्रग्स तस्करी में शामिल हो गया। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजेंद्र पार्क थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे ड्रग नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पुलिस अब उस सिंडिकेट की जांच कर रही है, जो नोएडा से अरशद को ड्रग्स उपलब्ध कराता था। इस सिलसिले में नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि गुरुग्राम में यह नशीला पदार्थ किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट के तार अन्य राज्यों और एयरलाइन क्षेत्र से जुड़े कुछ अन्य लोगों से भी जुड़े हो सकते हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article