टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सदस्य पवन उर्फ मक्खी गिरफ्तार, कारोबारी का अपहरण कर बंदूक के दम पर कराया समझौत
नई दिल्ली। दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय सदस्य पवन उर्फ मक्खी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अलीपुर इलाके में एक कारोबारी का अपहरण कर उसे हथियारों के दम पर समझौते के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का गंभीर आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे कारोबारी पर पुराने आपराधिक मामले को वापस लेने और अदालत में गवाही न देने का दबाव बनाना था।
जांच के अनुसार, आरोपी पवन उर्फ मक्खी कारोबारी को लगातार मुकदमा वापस लेने के लिए धमका रहा था। आरोप है कि इसी सिलसिले में उसने कारोबारी का अपहरण किया और बंदूक के बल पर उससे समझौते के कागजात पर हस्ताक्षर कराए। आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि यदि कारोबारी ने अदालत में गवाही दी या मामला वापस नहीं लिया तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अपहरण और धमकी की वारदात में गैंग के अन्य सदस्य भी शामिल थे या नहीं। साथ ही आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों और उनके नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारियां मिल सकती हैं।




