फरीदाबाद: सफाई के बहाने कोठी में बुलाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, 74 और 65 वर्षीय दो आरोपी गिरफ्ता
फरीदाबाद। घरों में सफाई का काम करने वाली 30 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सेक्टर-29 में रहने वाले दो बुजुर्गों ने महिला को अपनी कोठी में सफाई के बहाने बुलाया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे धमकाया और घटना का खुलासा करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फोन कर सफाई के लिए कोठी में बुलाया
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह अलग-अलग घरों में सफाई का काम करती है। इसी दौरान सेक्टर-29 निवासी गुरुचरण सिंह विर्दी ने उसे फोन कर अपनी कोठी में सफाई करने के लिए बुलाया था। महिला काम के सिलसिले में वहां पहुंची तो कोठी में गुरुचरण के अलावा राकेश गुप्ता भी मौजूद था।
आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे धमकाया और इसके बाद जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह वहां से निकलने के बाद महिला सीधे पुलिस थाने पहुंची और आपबीती सुनाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
74 और 65 साल के हैं दोनों आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गुरुचरण सिंह विर्दी और राकेश गुप्ता की उम्र क्रमशः करीब 74 और 65 वर्ष है। दोनों सेक्टर-29 में अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया है कि घटना के समय गुरुचरण की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। दोनों आरोपी क्षेत्र में बुजुर्गों से जुड़ी एक संस्था के पदाधिकारी भी बताए जा रहे हैं।
केस दर्ज कर दोनों को भेजा जेल
महिला की शिकायत पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




