गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित राजहंस अपार्टमेंट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद अब धमकी और अभद्रता के आरोपों तक पहुंच गया है। सोसायटी निवासी एक व्यक्ति ने सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख समेत उसके कर्मचारियों पर गाली-गलौज करने, परिवार को धमकाने और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजहंस अपार्टमेंट निवासी शरद कुमार झा के मुताबिक, उन्होंने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था में खामियों को लेकर संबंधित सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर 11 नवंबर को एजेंसी का कर्मचारी कुलदीप उनके घर पहुंच गया और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें धमकाया।
शरद का आरोप है कि अगले दिन रात करीब आठ बजे वह अपने साथियों के साथ सोसायटी पहुंचे थे। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख रविंद्र यादव और रोहित कन्हाई ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई शिकायत से नाराज दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। विरोध करने पर उन्हें गोली मारने तक की धमकी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




