गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में फ्लैट खरीदने का सपना दिखाकर एक व्यक्ति से 70 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फ्लैट का सौदा तय करने के बाद रकम तो ले ली गई, लेकिन न तो संपत्ति की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे वापस किए गए। पीड़ित की शिकायत पर नंदग्राम थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में क्रॉसिंग रिपब्लिक की पैरामाउंट सिम्फनी सोसायटी में रहने वाले नितिन श्रीवास्तव ने शिकायत दी है। उन्होंने नितिन शर्मा उर्फ दीपक शर्मा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
क्लब में हुई मुलाकात के बाद बढ़ी जान-पहचान
शिकायत के अनुसार, नितिन श्रीवास्तव की आरोपी से मुलाकात 25 दिसंबर 2025 को नोएडा के एक क्लब में हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत और जान-पहचान बढ़ती गई।
पीड़ित का आरोप है कि इसी परिचय के दौरान आरोपी ने 25 मई 2026 को राजनगर एक्सटेंशन स्थित अपना फ्लैट बेचने की पेशकश की। उसने अपनी आर्थिक जरूरत का हवाला देते हुए फ्लैट की कीमत 1.20 करोड़ रुपये बताई।
आरोप है कि सौदे के दौरान आरोपी ने तत्काल 70 लाख रुपये बतौर भुगतान देने को कहा। बाकी 50 लाख रुपये बैनामा यानी रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई। पीड़ित ने आरोपी पर भरोसा करते हुए 70 लाख रुपये दे दिए।
पैसे मिलने के बाद रजिस्ट्री से कन्नी काटने का आरोप
रकम का भुगतान करने के बाद नितिन श्रीवास्तव ने फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के लिए आरोपी से संपर्क किया। आरोप है कि इसके बाद नितिन शर्मा अलग-अलग बहाने बनाकर बैनामा टालता रहा।
काफी समय गुजरने के बावजूद जब रजिस्ट्री नहीं हुई तो पीड़ित ने अपने 70 लाख रुपये वापस करने की मांग की। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। लगातार संपर्क नहीं होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, शिकायत के आधार पर 1 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में सामने आए तथ्यों, रकम के लेनदेन और फ्लैट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




