नई दिल्ली: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के जाफराबाद इलाके में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया। इंस्टाग्राम पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर हुए झगड़े के बाद 19 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात के महज चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक 15 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
मृतक और आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और साथ में काम करते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर हुई बातचीत और टिप्पणी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया, जिसके बाद आरोपी पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।
अस्पताल से मिली युवक की मौत की सूचना
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर की रात करीब 10 बजे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली कि चाकू लगने से घायल एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय साहिल के रूप में हुई।
बताया गया कि साहिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला था और जाफराबाद इलाके में एक पाउडर कोटिंग फैक्ट्री में काम करता था। वह काम के सिलसिले में वहीं रह रहा था।
इंस्टाग्राम पर अभद्र टिप्पणी से भड़का विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक पर उसी फैक्ट्री में काम करने वाले युवक ने हमला किया था। गिरफ्तार आरोपी साहिल, जिसकी उम्र 21 वर्ष बताई गई है, ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया कि इंस्टाग्राम पर मृतक की एक टिप्पणी से वह नाराज था।
इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि आरोपी ने चाकू से साहिल पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
हत्या की सूचना मिलते ही जाफराबाद थाना पुलिस सक्रिय हो गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में अलग-अलग टीमों ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
गौतमपुरी से दबोचा गया मुख्य आरोपी
एसीपी सहदेव कुमार राणा की देखरेख में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गौतमपुरी इलाके से पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।
वारदात के दौरान आरोपी के साथ मौजूद बताए जा रहे 15 वर्षीय एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। जांच में सामने आया है कि नाबालिग पिछले कुछ दिनों से मुख्य आरोपी के साथ रह रहा था।
नाबालिग की भूमिका की हो रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वारदात में नाबालिग की क्या भूमिका रही। जांच अधिकारी यह भी खंगाल रहे हैं कि इंस्टाग्राम पर आखिर किस टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ और दोनों के बीच तनाव किस तरह हत्या तक पहुंच गया।
डीसीपी नॉर्थ ईस्ट राहुल अलवाल के मुताबिक, मामले में जांच जारी है और सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया विवाद से लेकर वारदात के घटनाक्रम तक हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।




