नई दिल्ली। नजफगढ़ में गली में शुरू हुआ मामूली विवाद एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। बेटे के साथ मारपीट की खबर सुनकर उसकी मदद के लिए पहुंचे माता-पिता पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल 51 वर्षीय सीमा की दो दिन बाद अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उनके पति कमल भी घायल हुए हैं। परिवार का आरोप है कि वारदात में कई लोग शामिल थे और सभी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।
घटना 15 अक्टूबर की देर रात की है। परिवार के अनुसार सीमा का बेटा ध्रुव अपने दोस्तों के साथ कुआं पूजन के एक कार्यक्रम से लौट रहा था। घर के नजदीक गली में कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई।
शुरुआत में मामूली दिख रहा विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान चाकू भी निकल आए और स्थिति बेकाबू हो गई।
बेटे के दोस्तों ने घर पहुंचकर दी खबर
झगड़े के बीच ध्रुव के कुछ दोस्त भागकर उसके घर पहुंचे। उन्होंने सीमा को बताया कि उनके बेटे के साथ गली में मारपीट हो रही है। बेटे को मुसीबत में जानकर सीमा अपने पति कमल के साथ तुरंत घटनास्थल की ओर निकल गईं।
परिवार का कहना है कि जब दोनों मौके पर पहुंचे तो ध्रुव वहां मौजूद नहीं था। इसी बीच कथित हमलावरों ने सीमा और कमल को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।
चाकू लगने से सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं कमल को भी कई जगह चोटें आईं। परिजनों का दावा है कि कमल के शरीर पर करीब 10 जगह चोट के निशान हैं।
दो दिन तक चला इलाज, नहीं बच सकी सीमा की जान
गंभीर रूप से घायल सीमा को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। करीब दो दिन तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
सीमा के बेटे ध्रुव और अन्य परिजनों ने वारदात में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया है, लेकिन घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दो आपराधिक मामले
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हालांकि पूरे घटनाक्रम में एक दूसरा पहलू भी है। पुलिस ने ध्रुव के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। ऐसे में शुरुआती विवाद में किसकी क्या भूमिका थी और बाद में सीमा तथा कमल पर हमला किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल सीमा की मौत के बाद परिवार बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।




