फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में महज 500 रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि शराब के नशे में एक युवक ने अपने साथ काम करने वाले साथी पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। इसके बाद टूटी बोतल के कांच से उसके गले और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके साथ काम करने वाले वीरेंद्र उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने की तैयारी की जा रही है।
रेलवे स्टेशन के पास शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे सागर और वीरेंद्र उर्फ कालू रेलवे स्टेशन के पास बैठकर शराब पी रहे थे। दोनों एक साथ चेन-कुप्पी यानी भारी सामान उठाने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि कालू ठेकेदारी करता था और सागर उसके साथ मजदूरी करता था।
शराब पीने के दौरान सागर ने आरोपी से अपने 500 रुपये मांगे। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झगड़े में बदल गया।
पहले सिर पर बोतल मारी, फिर टूटे कांच से किए वार
आरोप है कि गुस्से में आरोपी कालू ने बीयर की बोतल सागर के सिर पर दे मारी। बोतल टूटने के बाद उसने उसी के कांच को हथियार बना लिया और सागर के गले तथा पेट पर वार कर दिए।
हमले में बुरी तरह घायल सागर मौके पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गले पर कांच से गंभीर चोट लगने के कारण नसें कट गई थीं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच
वारदात की सूचना मिलने के बाद एनआईटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वीरेंद्र उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया। थाना एनआईटी प्रभारी महाबीर के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई टूटी बोतल और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।




