फरीदाबाद:
औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली भीम बस्ती में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला खूनी खेल सामने आया है। आवारागर्दी छोड़ नौकरी करने की नसीहत देना एक बेबस पिता को भारी पड़ गया। काम पर जाने की बात से आगबबूला हुए कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
‘नौकरी कर ले’ कहते ही गालियों पर उतरा बेटा
पीड़ित पिता बालकिशन (46) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 16 अगस्त की शाम करीब 4 बजे वह अपनी पत्नी पूनम और दोनों बेटों के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान माता-पिता अपने बड़े बेटे विकास उर्फ विक्की (22) को समझाने लगे कि वह कोई काम-धंधा या नौकरी ढूंढ ले। बस इसी बात पर आरोपी विक्की भड़क गया और अपने ही मां-बाप से बदसलूकी व गाली-गलौज करने लगा।
सब्जी काटने वाले चाकू से किए ताबड़तोड़ हमले
जब पिता ने गाली देने से मना किया, तो विक्की का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने रसोई में रखा सब्जी काटने वाला धारदार चाकू उठाया और अपने पिता की छाती व कमर पर एक के बाद एक कई जानलेवा वार कर दिए। बालकिशन के लहूलुहान होकर गिरते ही और घर में चीख-पुकार मचते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से रफूचक्कर हो गया।
सफदरजंग रेफर, शरीर पर 3 गहरे जख्म
गंभीर रूप से घायल बालकिशन को उनकी पत्नी तुरंत बीके अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल रिपोर्ट में बालकिशन के शरीर पर धारदार हथियार के तीन गहरे घावों की पुष्टि हुई है।
अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने दर्ज किए बयान, तलाश जारी
इलाज के बाद 18 अगस्त को डॉक्टरों द्वारा मरीज को बयान देने योग्य (Fit for Statement) घोषित किए जाने पर पुलिस टीम सफदरजंग अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बेटे विकास उर्फ विक्की के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत विभिन्न संगीन धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।




