गाजियाबाद: ट्रोनिका सिटी की एक रेडीमेड गारमेंट्स फैक्ट्री में हुए सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक कर्मचारी अनवेश की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए उसके ही सहकर्मी सर्वेश दर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। कत्ल की वजह फैक्ट्री की एक महिला सहकर्मी से नजदीकी और आपसी रंजिश बताई जा रही है।
सार्वजनिक अपमान और रंजिश बनी कत्ल की वजह
पुलिस की प्राथमिक जांच और आरोपी से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी सर्वेश पिछले चार वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहा था, जबकि मृतक अनवेश लंबे समय से वहां कार्यरत था और कर्मचारियों को काम बांटने का जिम्मा संभालता था।
पुलिस पूछताछ के दौरान सर्वेश ने बताया कि फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के साथ उसकी नजदीकी थी। अनवेश को यह बात नागवार गुजरती थी। जब भी वह महिला सर्वेश के पास खड़ी होती, अनवेश उसे वहां से हटा देता था और अन्य कर्मचारियों के सामने सर्वेश को नीचा दिखाता था। अनवेश द्वारा बार-बार सबके सामने बेइज्जत किए जाने और फैक्ट्री मालिक द्वारा भी उसी का पक्ष लिए जाने के कारण सर्वेश के मन में उसके प्रति भारी आक्रोश पनप रहा था।
कटिंग सेक्शन में अकेला पाकर कैंची से ताबड़तोड़ वार
आक्रोशित सर्वेश ने 10 अगस्त को वारदात को अंजाम देने का मौका तलाशा। जैसे ही अनवेश कटिंग सेक्शन में अकेला मिला, सर्वेश ने कपड़ा काटने वाली भारी कैंची से उस पर हमला बोल दिया। आरोपी ने अनवेश के सिर और गले पर एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार किए। अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण अनवेश ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इस खूनी हमले के दौरान आरोपी की खुद की उंगली भी कट गई।
झाड़ियों में हथियार फेंककर हुआ था फरार, पुलिस ने धर दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सनी कैंची लेकर फैक्ट्री से बाहर भागा और रास्ते में झाड़ियों में कैंची फेंककर फरार हो गया। मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
मुखबर की सूचना और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सर्वेश को हनुमान चौक के पास से घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल कैंची भी बरामद कर ली गई है। पुलिस प्रशासन आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रहा है और उसे न्यायालय में पेश करने की अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटा है।




