भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम देवांश यादव की मौत हो गई। शनिवार शाम देहात थाना क्षेत्र के कनकूरा गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर अपने दादा सुनील यादव के साथ बाइक से बाजार जा रहे देवांश की बाइक एक चलती ब्रेजा कार के अचानक खुले गेट से टकरा गई। टक्कर के बाद बच्चा सड़क पर गिरा और कार के पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके दादा भी घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने चलते वाहन में गुटखा थूकने के लिए गेट खोला था, तभी ओवरटेक कर रही बाइक उससे टकरा गई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। देवांश के पिता दुर्गेश यादव ट्रक चालक हैं और परिवार के अनुसार, देवांश उनका इकलौता बेटा था।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक की पिटाई कर दी और हाईवे पर जाम लगा दिया। इसी दौरान घटना का वीडियो बना रहे राहुल शर्मा के साथ भी मारपीट की गई और उसका मोबाइल छीन लिया गया। घायल राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर फूप और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम हटवाया गया। पुलिस ने ब्रेजा कार जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। देवांश के ताऊ की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




