गाजियाबाद। नंदग्राम पुलिस ने फ्लैट और दुकान बुकिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बिल्डर के रिश्तेदार और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है। मामले में हनी गिल, प्रेम गिल, सुरभी शर्मा और मानसी प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य बिल्डर समेत एक दर्जन से अधिक आरोपी अभी फरार हैं। जांच में सामने आया कि फर्जी दस्तावेज और बैंक खातों का इस्तेमाल कर निवेशकों से करोड़ों रुपये वसूले गए और उन्हें नकली दस्तावेज सौंपकर धोखा दिया गया। आरोपियों पर निवेशकों को धमकाने के भी आरोप हैं। इस मामले में 28 जून और 16 जुलाई को दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज हुई थीं। पुलिस कमिश्नर द्वारा गठित एसआईटी मामले की जांच कर रही है। इससे पहले इस प्रकरण में नंदग्राम थाने के तत्कालीन प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जा चुकी है।
50 करोड़ की ठगी का खुलासा, बिल्डर के रिश्तेदार समेत 4 गिरफ्तार




