गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में स्थित एक क्लब के बाहर शनिवार देर रात ₹3000 के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाउंसरों के बीच हुई कहासुनी के बाद फायरिंग हुई, जिसमें अनु भाटी के पैर में गोली लग गई। घायल बाउंसर को दिल्ली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में विक्रांत और सनी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों पहले भी आपसी विवाद में उलझ चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सभी साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
₹3000 के विवाद में क्लब के बाहर चली गोली, बाउंसर घायल




