गुरुग्राम। खेड़की माजरा गांव में रंगदारी नहीं देने पर हथियारबंद बदमाशों ने एक अंडा कारोबारी के दफ्तर पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड व धारदार हथियारों से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। पीड़ित कारोबारी अंकुश यादव का आरोप है कि कुख्यात पव्वा उर्फ सुरेंद्र गैंग के लोगों ने हर महीने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी और इंकार करने पर पहले उनके साथ मारपीट की, फिर देर रात साथियों के साथ दफ्तर पहुंचकर शटर, शीशे, फर्नीचर और कंप्यूटर तोड़ दिए। हमले में कई कर्मचारी और मकान मालिक भी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर हथियार लहराते हुए दहशत फैलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर जांच तेज कर दी है।
रंगदारी नहीं दी तो अंडा कारोबारी के दफ्तर पर हमला, हथियारबंद बदमाशों ने मचाया आतंक




