नोएडा। लगातार हो रही बारिश के बीच सेक्टर-57 में ड्यूटी पर जा रहे 28 वर्षीय आर्यन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जलभराव के कारण सड़क और खुले नाले का अंतर दिखाई नहीं देने से युवक नाले में गिर गया, जिससे उसकी जान चली गई। वहीं, नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि बारिश के पानी में बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट के कारण करंट फैल गया था और करंट लगने से युवक अचेत होकर पानी में गिर पड़ा। आर्यन के साथ मौजूद उसके साथी शुभम ने उसे तुरंत सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना सेक्टर-58 पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खुले नालों और जलभराव को लेकर प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
बारिश के बीच ड्यूटी पर निकले युवक की मौत, हादसे की वजह पर उठे सवाल




