गुरुग्राम। गुरुवार देर रात सुशांत लोक फेस-2 में पुलिस और दीपक नांदल गैंग के बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, गैंग के बदमाश एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे और व्यवसायी विशाल बेरी को उसके घर में बंधक बनाकर कई करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। पीड़ित परिवार की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को घेर लिया। एसीपी सदर धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सुशांत लोक क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में हथियारबंद अपराधियों के होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन जवाब में फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में पांचों बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक व्यवसायी को विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से लगातार फिरौती की धमकियां मिल रही थीं। मामले की जांच जारी है और बदमाशों के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
बंधक बनाकर रंगदारी मांग रहे गैंग पर पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ में चार बदमाश ढेर




