गुरुग्राम। मानेसर में पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार पति और उसकी प्रेमिका से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अंकित और रजनी पिछले तीन साल से प्रेम संबंध में थे और परिवार से छिपकर साथ रह रहे थे। इस बीच अंकित की शादी मधु से हो गई, जिसके बाद दोनों की मुलाकातें कम होने लगीं और रजनी लगातार शादी का दबाव बनाने लगी। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मधु को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। 21 मई को अंकित बहाने से पत्नी को रजनी के किराए के कमरे पर ले गया, जहां दोनों ने मिलकर उसे गोली मार दी और शव बाथरूम में छिपाकर फरार हो गए। वारदात के बाद परिजनों को गुमराह करने के लिए यह कहानी गढ़ी गई कि मधु जेवर लेकर किसी के साथ भाग गई है। गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को किराए के कमरे के बाथरूम से महिला का शव मिला, जिसके बाद जांच तेज हुई। फरार चल रहे दोनों आरोपियों को 5 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।
पत्नी बनी रिश्ते में रुकावट, प्रेमिका संग मिलकर रची हत्या की साजिश




