गाजियाबाद। निवाड़ी थाना क्षेत्र के पूठरी गांव में सोमवार सुबह गन्ने के खेत से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नामित कुमार के रूप में हुई है, जो मेरठ की एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और रविवार शाम अपने पिता को लेने निवाड़ी कस्बे के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला, जिस पर पेट, सिर और आंख के पास धारदार हथियार तथा भारी वस्तु से हमले के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में युवक को हत्या से पहले प्रताड़ित किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। एसीपी मोदीनगर के अनुसार, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की तलाश के साथ मामले के जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
गन्ने के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका




