ग्रेटर नोएडा। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने हाथी दांत की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.45 किलोग्राम हाथी दांत बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई रविवार शाम गौर सिटी-2 स्थित न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास एक खाली प्लॉट में सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान बुलंदशहर निवासी राजेंद्र और गाजियाबाद निवासी संदीप के रूप में हुई, जो फिलहाल बस्ती जिले में रह रहे थे। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस और वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि बरामद हाथी दांत कहां से लाया गया था, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस तस्करी का संबंध किसी बड़े अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय गिरोह से तो नहीं है।
20 लाख के हाथी दांत के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई




