गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में युवक पर फायरिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को एक महिला ने शिकायत दी थी कि दो बुलेट सवार युवकों ने उसके घर के बाहर उसके बेटे तुषार पर गोली चलाई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मेरठ जेल में तैनात सिपाही विवेक और उसके साथी नवनीत उर्फ मीनू की पहचान हुई, जिसके बाद दोनों को लोनी से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में विवेक ने बताया कि पत्नी से चल रहे पारिवारिक विवाद के दौरान साले तुषार से हुए झगड़े और कथित अभद्र व्यवहार से नाराज होकर उसने दोस्त नवनीत के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई थी। वहीं नवनीत ने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल उसने हत्या के एक पुराने मामले में जेल के दौरान मिले नवेद नामक व्यक्ति से खरीदी थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया है, जबकि अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
साले की हत्या की साजिश रचने वाला जेल प्रहरी साथी समेत गिरफ्तार




