इंदौर। ओटीटी प्लेटफॉर्म का सब्सक्रिप्शन बंद कराने के नाम पर एक दवा व्यापारी और उनकी पत्नी से 1.08 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गूगल पर मिले कथित कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया, जहां आरोपी ने प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने पहले 5 रुपये ट्रांसफर करने को कहा। राशि भेजते ही मोबाइल की स्क्रीन बंद हो गई और कुछ देर बाद दोनों के बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1.08 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायतकर्ता निर्मल नवलानी ने बताया कि उन्होंने 4 जून को अपने कार्यालय से जियो हॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन बंद कराने के लिए नंबर खोजा था। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर दोनों खाते फ्रीज कराए, साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में जूनी इंदौर थाने में एफआईआर कराई। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों के बैंक खातों और ट्रांजेक्शन का पता लगा रही है।
OTT सब्सक्रिप्शन बंद कराने के बहाने दंपती से 1.08 लाख की साइबर ठगी




