इंदौर। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे में जान गंवाने वाली इंदौर की इंजीनियरिंग छात्रा भूमि भोरे और अन्नपूर्णा क्षेत्र निवासी निर्मला गुप्ता की डीएनए जांच के बाद पहचान हो गई। गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिवार उन्हें लेकर इंदौर के लिए रवाना हो गया। दोनों का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। मंगलवार देर रात ऋषिकेश से इंदौर आ रही हंस ट्रेवल्स की स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई थी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे बस पूरी तरह जल गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई थी और 22 से अधिक यात्री घायल हुए थे। भूमि भोरे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मसूरी सहित अन्य पर्यटन स्थलों की यात्रा से लौट रही थीं, जबकि निर्मला गुप्ता अपने पति के साथ चारधाम यात्रा से वापस इंदौर आ रही थीं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
दौसा बस हादसे की दो और पीड़ितों की हुई पहचान, आज होगा अंतिम संस्कार




