भोपाल। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर 30 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक निजी बैंककर्मी से 27.55 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को एक निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताकर मोबाइल के जरिए संपर्क किया और एक ऐप पर लगातार बढ़ता मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीत लिया। इसके बाद अलग-अलग नौ बैंक खातों में कुल 27.55 लाख रुपए जमा करा लिए। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो 20 प्रतिशत टैक्स और कमीशन जमा करने की शर्त रखी गई और बाद में उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। शिकायत मिलने पर स्टेट साइबर सेल ने ई-जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला जहांगीराबाद थाना पुलिस को सौंप दिया, जिसने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम मुंबई, पुणे समेत चार अन्य राज्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है और पुलिस संबंधित खातों व मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। वहीं अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में भी तीन अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में एपीके फाइल डाउनलोड कराने, क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने और फर्जी कॉल के जरिए तीन लोगों से कुल 4.50 लाख रुपए की ठगी की गई, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।
30% मुनाफे का झांसा देकर बैंककर्मी से 27.55 लाख की साइबर ठगी




