नोएडा। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने 67 वर्षीय महिला से 42.13 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता बिंदू शर्मा ने शिकायत में बताया कि इस वर्ष उन्हें एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप संदेश मिला, जिसके बाद बातचीत के जरिए उनका विश्वास जीतकर उन्हें एक निवेश संबंधी ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट और कथित विशेषज्ञों की सलाह दिखाकर महिला को ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में ऐप पर अच्छा लाभ दिखने से उनका भरोसा बढ़ा और उन्होंने कई किश्तों में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 42.13 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर और पैसे मांगे। शक होने पर महिला ने रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता ने 26 फरवरी और 6 मार्च 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। जांच में बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की पुष्टि होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के झांसे में बुजुर्ग महिला से 42 लाख की साइबर ठगी




