फरीदाबाद। फरीदाबाद के भूपानी थाना क्षेत्र स्थित गांव कंवारा कलां में बुधवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ऋचा कंपनी के पास दो गाड़ियों की टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। घटना में डूंगरपुर निवासी सुनील को दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बिट्टू और मेहतार भी घायल हुए हैं और उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि पूर्व सरपंच केशव समेत 8 से 10 लोग हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से हमला किया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी रंजिश में फायरिंग, युवक को दो गोलियां लगीं, हालत गंभीर




