गुरुग्राम। एनएच-48 पर पंचगांव के पास आधी रात को कारों में सफर कर रहे युवकों के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर ही जमकर मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों गुट एक-दूसरे को पहले से जानते थे और साथ में कहीं जा रहे थे। सफर के दौरान किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। युवकों ने अपनी गाड़ियां बीच सड़क पर रोक दीं और लात-घूंसों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि वहां से गुजर रहे कई लोग वाहन रोककर तमाशा देखते रहे। घटना का वीडियो राहगीरों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से चले गए और किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। बिलासपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामला वीडियो के जरिए संज्ञान में आया है और फुटेज के आधार पर कारों के नंबर तथा मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम में NH-48 पर युवकों के दो गुटों में मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल




