गाजियाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र में नए बस अड्डे के पास सोमवार तड़के करीब 3:15 बजे ऋषिकेश डिपो की रोडवेज बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस ऋषिकेश से दिल्ली ISBT जा रही थी और उसमें चालक-परिचालक समेत 19 यात्री सवार थे। हादसे में 6 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें पुलिस ने तुरंत नंदनी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक ने गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक को बचाने का प्रयास किया, जिसके दौरान बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में बस के आगे, पीछे और साइड के शीशे टूट गए, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार बस की रफ्तार अधिक नहीं थी और अधिकांश यात्री दिल्ली, इंदिरापुरम तथा कौशांबी के रहने वाले थे। अन्य यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
गाजियाबाद में ऋषिकेश-Delhi रोडवेज बस पलटी, 6 यात्री घायल




