गाजियाबाद। आरडीसी स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में 12 जून को हुई करोड़ों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में शोरूम कर्मचारी नितिन वर्मा, उसके पिता संजय वर्मा और गर्लफ्रेंड काजल वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नितिन ने अपने साथी चितरंजन उर्फ चिंटू के साथ मिलकर करीब 4.30 किलो सोने के आभूषण चोरी करने की साजिश रची थी। वारदात से एक दिन पहले उसने शादी तय होने की खुशी में शोरूम कर्मचारियों को पार्टी दी और अकाउंटेंट को अधिक शराब पिलाकर उसके बैग से शोरूम की चाबी चुरा ली। अगले दिन सुबह शोरूम खोलकर आरोपी करोड़ों के गहने लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद आभूषण और नकदी का बंटवारा कर दिया गया, जबकि काजल ने गहनों को ठिकाने लगाने और बेचने में अहम भूमिका निभाई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों को साईं फाटक, अवंतिका क्षेत्र से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 किलो सोने के आभूषण, 6.5 लाख रुपये नकद, एक तमंचा और 6 कारतूस बरामद किए हैं।
:::
तनिष्क शोरूम चोरी का खुलासा, कर्मचारी ने पिता और गर्लफ्रेंड संग उड़ाए करोड़ों के गहने




