गाजियाबाद। प्रशासन ने भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य की शत्रु संपत्ति को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर कार्रवाई कर तीन साल से अधिक समय से किए गए कब्जे को ध्वस्त कर जमीन को अपने कब्जे में ले लिया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर हुई कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाए गए और पूरी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
प्रशासन के अनुसार, शत्रु संपत्ति के एक हिस्से पर आजाद उर्फ छोटे पुत्र फैयाज ने अवैध कब्जा कर रखा था। शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने जांच की, जिसमें कब्जा अवैध पाया गया।
सोमवार को टीम के मौके पर पहुंचते ही क्षेत्र में हलचल मच गई। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए और भूमि को प्रशासन के नियंत्रण में ले लिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि कब्जाधारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी और शत्रु संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।




