इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आईईटी हॉस्टल में तोड़फोड़ और अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई जारी है। संस्थान प्रशासन द्वारा चिन्हित किए गए छात्रों में से अब तक केवल 8 छात्रों ने ही 25-25 हजार रुपये का जुर्माना जमा कराया है, जबकि कई छात्र अभी भी राशि जमा नहीं कर पाए हैं। प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि जुर्माना जमा करने के बाद ही संबंधित छात्रों को परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। वहीं कुछ अभिभावकों ने आर्थिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए जुर्माना जमा करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है। हाल ही में हॉस्टल में कुछ अंतिम वर्ष के छात्रों द्वारा उत्पात मचाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अनुचित व्यवहार करने के वीडियो सामने आए थे, जिसके बाद 17 छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। संस्थान ने संबंधित छात्रों को हॉस्टल से बाहर कर दिया था और जिनकी परीक्षाएं शेष थीं, उन्हें परीक्षा में शामिल होने से भी रोका गया था। इस बीच क्षतिग्रस्त हॉस्टल परिसर की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, जिन छात्रों की परीक्षाएं स्थगित हुई थीं, उनके लिए जून के मध्य में विशेष परीक्षा आयोजित की जा सकती है।
IET हॉस्टल में हंगामा करने वाले छात्रों पर सख्ती, जुर्माना जमा किए बिना नहीं मिलेगा रिजल्ट




