नोएडा। ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक महिला से 15.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़िता को एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़कर निवेश संबंधी सलाह दी गई और शुरुआती लाभ दिखाकर विश्वास में लिया गया। शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2025 में ट्रेडिंग शुरू करने के बाद महिला को एक निवेश समूह में शामिल किया गया, जहां खुद को निवेश विशेषज्ञ बताने वाले लोग शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के सुझाव देते थे। शुरुआत में निवेश पर लाभ दिखाई देने से महिला का भरोसा बढ़ गया और उसने अपनी निवेश राशि भी बढ़ा दी। बाद में कथित तौर पर एक आईपीओ में बिना सहमति के बड़ी राशि के शेयर आवंटित दिखाकर अतिरिक्त रकम जमा करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि भुगतान नहीं करने पर खाता फ्रीज करने और कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी गई। अपनी जमा पूंजी बचाने की कोशिश में महिला ने गोल्ड लोन लेकर भी रकम जमा की, लेकिन अंततः उसे लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन बैंक खातों और अन्य माध्यमों की पड़ताल कर रही है, जिनमें कथित रूप से ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के झांसे में महिला से 15 लाख की ठगी, गोल्ड लोन लेकर भी गंवाई रकम




