नोएडा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेंट्रल नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 366 लोगों को हिरासत में लिया। शनिवार रात सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पैदल गश्त कर खुले में और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कई लोग पुलिस को देखकर वहां से निकलने का प्रयास करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। सभी आरोपियों को संबंधित थानों में ले जाकर कानूनी कार्रवाई की गई और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस का शिकंजा, एक रात में 366 लोग पकड़े गए




