गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ड्रग्स तस्करी और सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्वाट टीम, अपराध शाखा और मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों अभिषेक, सूरज, दीपक और शिवम मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 16 किलो 435 ग्राम ड्रग्स, 60 ग्राम चरस, 6 ग्राम स्मैक, एक टाटा टियागो कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थों की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी अभिषेक ने बताया कि वह बिहार के एक व्यक्ति से ऑनलाइन भुगतान कर ड्रग्स मंगवाता था, जिसे फर्जी पतों पर कोरियर से डिलीवर कराया जाता था। आरोपी अमेजन की पॉलीथिन में पैकिंग कर ड्रग्स को सामान्य पार्सल की तरह भेजते थे और यूपीआई से भुगतान लेने के बाद Porter जैसे डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए सप्लाई करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों के व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से युवाओं और छात्रों तक नशीले पदार्थ पहुंचा रहा था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
ऑनलाइन ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 20 लाख की नशीली सामग्री बरामद




