नोएडा। निवेश पर कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग से 21 लाख 94 हजार 412 रुपए की ठगी कर ली। सेक्टर-76 निवासी और छत्तीसगढ़ की एक स्टील कंपनी से सेवानिवृत्त प्रभात कुमार सिन्हा से जनवरी में सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए संपर्क कर ठगों ने उन्हें फर्जी निवेश योजनाओं में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया। 7 से 17 जनवरी के बीच उन्होंने कई किश्तों में अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की, जिसमें 19,412 रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक की राशि शामिल थी। निवेश पर आकर्षक रिटर्न दिखाकर भरोसा जीतने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम और मुनाफा वापस निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों व अन्य संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
निवेश में मोटे मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग से 21.94 लाख की साइबर ठगी




