फरीदाबाद। एलिवेटेड रोड और नमो भारत RRTS कॉरिडोर निर्माण के लिए नगर निगम ने NIT-3 मस्जिद चौक क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर, मस्जिद और कई अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई शुक्रवार-शनिवार रात से शुरू होकर शनिवार सुबह तक जारी रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन ने NIT क्षेत्र में करीब 21 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित निर्माणों को हटाने के लिए पहले कई नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर यह कदम उठाया गया। प्रशासन का कहना है कि प्रस्तावित एलिवेटेड रोड और RRTS परियोजना के मार्ग में ये निर्माण बाधा बन रहे थे। कार्रवाई के दौरान कई प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया और ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया। गृह विभाग ने सोशल मीडिया पर अफवाहों और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए इंटरनेट बंद करने का आदेश जारी किया है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक दिनभर कार्रवाई जारी रह सकती है।
एलिवेटेड रोड और RRTS कॉरिडोर के लिए मंदिर-मस्जिद पर चला बुलडोजर, 21 घंटे इंटरनेट बंद




