गुरुग्राम। जिला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 ने अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को पीड़ित युवक अपने बुआ के लड़के के साथ इस्लामपुर से लौट रहा था, तभी हीरो होंडा चौक के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोपी उसे डीपीजी कॉलेज के पीछे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां निखिल और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। मामले में 17 मार्च को थाना सदर में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने 28 मई को हीरो होंडा चौक के पास से राजीव कॉलोनी, नाहरपुर रूपा निवासी रोहित और वीरेंद्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से भी मारपीट, अवैध वसूली तथा जान से मारने की धमकी के मामले दर्ज हैं। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर वारदात में इस्तेमाल वाहन और हथियार बरामद करने की तैयारी कर रही है।
अपहरण और जानलेवा हमले के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, 5-5 हजार का था इनाम




