गुरुग्राम। सेक्टर-78 स्थित शिकोहपुर गांव के एक मंदिर में चोरों ने दानपात्र तोड़कर करीब 60 से 70 हजार रुपए चोरी कर लिए। पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। बुधवार सुबह मंदिर प्रबंधन और सेवादार पहुंचे तो दानपात्र टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फुटेज में चोर मंदिर परिसर में घुसकर भारी औजार से दानपात्र तोड़ते नजर आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स के नमूने भी लिए हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।




