फ़रीदाबाद। गौछी गांव में खुलेआम कबाड़ जलाकर वायु प्रदूषण फैलाने के मामले में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर थाना मुजेसर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। बोर्ड को गांव में अवैध रूप से वेस्ट स्क्रैप जलाए जाने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद सहायक पर्यावरण अभियंता पुनीत पाठक ने 21 मई को टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच में भरतलाल, चरण सिंह और जीत राम निवासी गौछी गांव को खुले स्थान पर कबाड़ जलाते पाया गया, जिससे आसपास के इलाके में भारी धुआं फैल रहा था और वातावरण प्रदूषित हो रहा था। टीम ने मौके की तस्वीरें लेकर रिपोर्ट तैयार की और कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत भेजी। जांच के बाद थाना मुजेसर पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




