गाजियाबाद। वसुंधरा सेक्टर-3 इलाके में सोमवार दोपहर झुग्गियों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही कई सिलेंडर ब्लास्ट हो गए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग की लपटों ने सड़क किनारे खड़ी 4 कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में करीब 12 झुग्गियां जलकर राख हो गईं, हालांकि आसपास की अन्य झोपड़ियों को बचा लिया गया। स्थानीय लोगों ने समय रहते वहां बंधे पशुओं को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फायर विभाग के मुताबिक 4 से 5 सिलेंडर फटे, जबकि 7 सिलेंडरों को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
झुग्गियों में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी; 4 कारें जलीं




