नोएडा। Noida के फेज-वन थाना पुलिस ने शनिवार को 25-25 हजार रुपए के इनामी दो गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एनसीआर में वाहन चोरी, लूट और विरोध करने पर लोगों पर जानलेवा हमला करने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार गैंग लीडर के खिलाफ 10 और उसके साथी के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर के पास चेकिंग कर रही थी, तभी दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान बिहार के अररिया जिले के चिरोहट गांव निवासी अनस और अमन के रूप में हुई है। अनस वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर में रहता है, जबकि अमन नोएडा के सेक्टर-45 स्थित सदरपुर कॉलोनी का निवासी है। जांच में सामने आया कि दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और पुलिस कई महीनों से उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक अनस गिरोह का सरगना है और वह अमन के साथ मिलकर एनसीआर में लूट, चोरी और लोगों पर हमला करने की वारदातों को अंजाम देता था।
नोएडा में 25-25 हजार के इनामी दो गैंगस्टर गिरफ्तार




