भोपाल। Bhopal में शनिवार रात एक बेकाबू कार ने शहर के कई इलाकों में दहशत फैला दी। नशे में धुत युवकों ने तेज रफ्तार कार से सड़क पर जो मिला उसे टक्कर मारते हुए करीब 10 से 12 किलोमीटर तक उत्पात मचाया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि देर रात तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। जानकारी के अनुसार सर्वा दुबे, आदित्य, तुषार खरे और संभव जायसवाल सहित कुछ युवक बैरागढ़ इलाके में जन्मदिन पार्टी के बाद टोयोटा हाइराइडर कार से निकले थे। शुरुआत में कार आदित्य चला रहा था, लेकिन स्टेशन के पास उसने गाड़ी सर्वा दुबे को सौंप दी। इसके बाद सर्वा ने तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए ठेलों, दोपहिया वाहनों और राहगीरों को टक्कर मारना शुरू कर दिया। कीर्ति मेडिकल से लेकर अशोका गार्डन, अयोध्या नगर, कोलार रोड और मीनाल क्षेत्र तक कई लोग इसकी चपेट में आए। आरोपियों ने एक पुलिस आरक्षक को भी टक्कर मार दी, जिसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया। तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस ने करीब 10 से 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद मीनाल क्षेत्र के पास कार को घेर लिया। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपियों को घेर लिया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। कुछ अन्य आरोपियों के फरार होने की आशंका जताई जा रही है। बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा गौरव ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल में नशे में धुत युवकों की कार ने मचाया उत्पात, कई लोग घायल




