गुना। राघौगढ़ थाना क्षेत्र के भरसूला चौराहे पर हाईवे पार कर रहे युवक जितेंद्र रैकवार को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया है कि हादसा गुना के मृगवास थाना पुलिस वाहन से हुआ था और उस समय गाड़ी में थाना प्रभारी सुरेश सिंह कुशवाह भी मौजूद थे। आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस वाहन मौके पर नहीं रुका और वहां से निकल गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच में पुलिस वाहन की पहचान हुई, जिसके बाद लापरवाही मानते हुए TI सुरेश सिंह को लाइन अटैच कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय जितेंद्र रैकवार चार महीने बाद 11 मई को परिवार से मिलने गुना आया था। वह बस से उतरकर सड़क पार कर रहा था, तभी गुना से लौट रही मृगवास थाना पुलिस की गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी देखा था कि हादसा पुलिस वाहन से हुआ है।
हाईवे पर युवक को कुचलने के बाद नहीं रुकी पुलिस गाड़ी, TI लाइन अटैच




