बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी के नाम पर 25 लाख की ठगी

Must read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा निवासी एक व्यक्ति के साथ बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित यशपाल भाटी ने साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बीटा-2 थाना क्षेत्र निवासी यशपाल भाटी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने साल 2022 और 2023 में अलग-अलग कंपनियों की कई जीवन बीमा पॉलिसियां खरीदी थीं। नवंबर 2025 में उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बीमा कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनकी पॉलिसियां मैच्योर हो चुकी हैं और उन्हें करीब 1.23 करोड़ रुपये मिलेंगे। आरोपी ने बाद में खुद को एनपीसीआई अधिकारी बताकर भरोसा जीत लिया और प्रोसेसिंग फीस, प्रीमियम, टैक्स, पेनल्टी और चार्टर्ड अकाउंटेंट फीस के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाई। दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच आरोपी लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल कर नए बहाने बनाकर पैसे मांगते रहे। पीड़ित ने दबाव में आकर कई बार भुगतान किया और इस तरह उनसे कुल 25 लाख 46 हजार 932 रुपये ठग लिए गए। काफी रकम देने के बाद भी जब बीमा की मैच्योरिटी राशि खाते में नहीं आई, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाने में एफआईआर कराई। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article