गाजियाबाद। गाजियाबाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर आधार कार्ड में बदलाव कराने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र स्थित हसनपुर लौढा गांव निवासी दीपक कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है, जो पंचवटी तिराहे के पास बालाजी जनसेवा केंद्र चलाते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों से 3500 से 4000 रुपए लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और इनके जरिए आधार कार्ड में नाम, पता व जन्मतिथि बदलवाते थे। आरोपियों के पास से दिल्ली नगर निगम के नकली जन्म प्रमाण पत्र, एलपीजी गैस कनेक्शन के कागजात, सेना के सेवानिवृत्त जवानों के पेंशन संबंधी दस्तावेज सहित बड़ी संख्या में फर्जी कागजात बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लैपटॉप में बने टेम्पलेट की मदद से हूबहू फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करते थे और पोस्ट ऑफिस में तैनात कर्मचारी कोमल की मदद से आधार कार्ड में बदलाव कराते थे। इसके बदले आरोपी कर्मचारी को हर आधार कार्ड पर 250 रुपए देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 फर्जी पीपीओ और जन्म प्रमाण पत्र, चार मोबाइल फोन और दो लैपटॉप बरामद किए हैं। बरामद दस्तावेजों में साल 1938 का एक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी मिला है। आरोपी दस्तावेजों पर नकली क्यूआर कोड भी तैयार कर देते थे ताकि वे असली दिखाई दें। पुलिस अब आरोपियों द्वारा बनाए गए अन्य फर्जी आधार कार्डों की जांच कर रही है और पोस्ट ऑफिस कर्मचारी की तलाश जारी है।
फर्जी दस्तावेज बनाकर आधार कार्ड में बदलाव करने वाला गिरोह पकड़ा गया




